ताज ख़ान
नर्मदापुरम//
देश की सबसे कठिन परीक्षा मानी जाने वाली
आईआईटी-जेईई को हिंदी माध्यम से पढ़ाई कर पहले ही प्रयास में क्रैक करने वाले तनिष्क नरवाडे को मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने सम्मानित किया है। तनिष्क की इस उपलब्धि ने न केवल नर्मदांचल बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।परिषद के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद माहिर, जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान,सहित जिले एवं नगर के पदाधिकारियों ने बुधवार को संजय नगर स्थित तनिष्क के निवास पहुंचकर सम्मान पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट किया।
प्रदेश अध्यक्ष बोले।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद माहिर ने कहा,तनिष्क की सफलता साबित करती है कि लगन और मेहनत के आगे भाषा की कोई दीवार नहीं होती। आज जब इंग्लिश मीडियम का बोलबाला है,तनिष्क ने हिंदी माध्यम से यह मुकाम हासिल कर लाखों छात्रों को नई राह दिखाई है।
ऑनलाइन पढ़ाई से IIT क्रैक करना तनिष्क की कड़ी मेहनत।
परिषद के जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान ने कहा,डिजिटल युग में जहां मोबाइल युवाओं के लिए भटकाव का कारण बन रहा है,वहीं तनिष्क ने ऑनलाइन कोर्सेज का सही इस्तेमाल कर यह सफलता पाई।बिना किसी महंगी कोचिंग के,सिर्फ ऑनलाइन पढ़ाई से IIT क्रैक करना उसकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है,ये हमारी यूवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
हिंदी माध्यम से IIT तक का सफर।
ज्ञात हो कि तनिष्क ने प्रारंभिक से 12वीं तक की शिक्षा हिंदी माध्यम से प्राप्त की।जेईई की तैयारी के लिए भी उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया,बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से स्वअध्ययन कर यह सफलता अर्जित की। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में तनिष्क को किसी बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी में उच्च पैकेज पर प्लेसमेंट मिलने की प्रबल संभावना है।परिषद ने तनिष्क के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी यह उपलब्धि हिंदी भाषा को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी।
क्यूं हैं तनिष्क ख़ास।
तनिष्क नरवाडे ग्वालटोली के संजय नगर में रहते हैं,ये क्षेत्र शहर के पिछडे इलाकों में गिना जाता था, तनिष्क ने बिना मां के दुलार, और पिता के मार्गदर्शन के बग़ैर ये मुक़ाम हासिल किया है, जिसमें उनकी दादी और पितृतुल्य चाचा की मुख्य भूमिका है।
ये रहे मौजूद।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष इमाम शाह,नगर अध्यक्ष अनस बेग,मीडिया कॉर्डिनेटर सोहेल खान, मीडिया समन्वयक शाकिर शाह,मोइन कुरैशी,अरमान मिर्जा,जमील खान,यूसुफ कुरैशी सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।








