ताज ख़ान //
इटारसी
इन दिनों इटारसी का नया बस स्टैंड राजनीतिक बयानबाज़ियों का अखाड़ा बना हुआ है।कोई इसके पक्ष में है,तो कोई ‘पिक एंड ड्रॉप’ के मुद्दे पर लकीर खींचे खड़ा है।लेकिन अगर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के उस बयान पर गौर करें जिसमें उन्होंने इटारसी, नर्मदापुरम,सोहागपुर और बुधनी को मिलाकर एक महानगर के रूप में विकसित करने की बात कही थी—तो अब समय आ गया है कि इस विजन को ज़मीन पर उतारा जाए।
बढ़ती महंगाई और ट्रैफिक के दबाव के बीच इटारसी का दायरा अब चारों दिशाओं में फैल चुका है। ऐसे में शहर को एक सुगम ‘सिटी ट्रांसपोर्ट’ (मिनी बस या मैजिक वाहन) व्यवस्था की सख्त ज़रूरत है।यह कदम न केवल आम लोगों की ज़िंदगी आसान बनाएगा,बल्कि नए बस स्टैंड के विवाद को भी जड़ से खत्म कर सकता है।
क्यों ज़रूरी है सिटी ट्रांसपोर्ट ?
शहर के एक छोर पर रेलवे का न्यू यार्ड है,तो दूसरे पर आयुध निर्माणी (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री) का बड़ा रिहायशी क्षेत्र। एक तरफ कृषि उपज मंडी और आनंदम रिजॉर्ट है,तो दूसरी तरफ सोनासावरी नाका।इन चारों कोनों के बीच इटारसी का हृदय स्थल रेलवे स्टेशन,नगर पालिका,सरकारी अस्पताल और एमजीएम कॉलेज जैसे प्रमुख केंद्र हैं,जिनके इर्द-गिर्द पूरा शहर घूमता नज़र आता है।इंदौर और भोपाल की तर्ज पर यदि यहां छोटे सवारी वाहनों को सिटी परमिट दिया जाए,तो छात्र,मज़दूर और ग्रामीण इलाकों से आने वाले ग्राहकों को महज 5 से 10 -15 रुपये में आसान कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
प्रशासन के लिए दो चरणों का व्यावहारिक रोडमैप !
1-पहला चरण (आयुध निर्माणी से सोनासावरी नाका),
ऑर्डिनेंस फैक्ट्री तिराहा से शुरू होकर यह रूट सीपीई,नया बस स्टैंड, तहसील व कोर्ट परिसर,पीएम श्री स्कूल,पुरानी इटारसी (एसबीआई तिराहा व शनि मंदिर), पुलिस थाना इटारसी, गुरुद्वारा तिराहा (मुख्य बाज़ार),रेलवे स्टेशन, सिटी सेंटर चौराहा,गांधी ग्राउंड तिराहा से सरकारी अस्पताल की कनेक्टिविटी,विधायक निवास,एसबीआई चौराहा जिससे सब्ज़ी मार्केट जाने में आसानी, नगर पालिका इटारसी, एच एल एल कॉलेज,सूरजगंज चौराहा, जिसे एमजीएम कॉलेज को कनेक्ट किया जा सकता है,लाल ग्राउंड,बैंक कॉलोनी के लिए कनेक्टिविटी और वर्धमान कॉलेज होते हुए सीधे सोनासावरी नाका जिससे साकेत,मोथिया,साईं फॉर्चून सिटी को जोड़ा जा सकता है।
2-दूसरा चरण (न्यू यार्ड से कृषि उपज मंडी),
अगले चरण में न्यू यार्ड से लेकर कृषि उपज मंडी और आनंदम रिजॉर्ट तक के क्षेत्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा जा सकता है।
व्यापार और यातायात दोनों को फायदा।
सस्ता और सुलभ परिवहन मिलने से बाहरी और दूरदराज़ के इलाकों के ग्राहक आसानी से मुख्य बाज़ार तक पहुंच सकेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार में तेज़ी आएगी। इसके साथ ही वाहन चालकों को नियमित रोज़गार मिलेगा, पेट्रोल की बचत होगी और सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होने से ट्रैफिक जाम से भी निजात मिलेगी।अब निगाहें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर टिकी हैं कि वे इस व्यावहारिक मॉडल पर गंभीरता से विचार करते हैं या आपसी खींचतान में ही शहर के विकास की रफ्तार थमी रहती है।

