एक्शन मोड में सीएमओ: सुरेखा जाटव,वार्ड 22 में औचक निरीक्षण,सड़क पर कचरा फेंकने वाले पर तत्काल 500 का जुर्माना,नाली जाम करने वालों को थमेगा नोटिस।

ताज ख़ान
इटारसी//
शहर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।शुक्रवार को सुबह वार्ड नंबर 22 उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ)सुरेखा जाटव अपनी टीम के साथ अचानक औचक निरीक्षण पर पहुंच गईं।इस दौरान जहाँ उन्होंने बेहतर साफ-सफाई पर संतोष जताया,वहीं लापरवाही और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कड़े कदम भी उठाए।

रंगे हाथों पकड़े गए गंदगी फैलाने वाले,मौके पर ही ठोका जुर्माना।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ सुरेखा जाटव ने देखा कि एक मकान मालिक बेखौफ होकर घर का कचरा सीधे मुख्य सड़क पर फेंक रहा था।स्वच्छता नियमों की इस तरह धज्जियां उड़ते देख सीएमओ ने तुरंत संज्ञान लिया और स्वच्छता टीम को निर्देशित कर मौके पर ही संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपये का स्पॉट फाइन (जुर्माना) ठोक दिया। सीएमओ की इस त्वरित कार्रवाई से वार्ड में लापरवाही बरतने वालों के बीच हड़कंप मच गया।

नालियों पर अतिक्रमण करने वालों की खैर नहीं, दिए नोटिस के आदेश।

वार्ड के भ्रमण के दौरान सीएमओ ने पाया कि कुछ जागरूक नागरिकों की वजह से वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था तो बेहतर थी,लेकिन कुछ लोगों ने नालियों के ऊपर अवैध अतिक्रमण कर रखा था,जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही थी।इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएमओ ने नगरपालिका के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाली पर अतिक्रमण करने वाले सभी मकान मालिकों को तत्काल नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।

लीकेज पर त्वरित एक्शन: दो जगहों पर पाइपलाइन सुधारने के निर्देश।

स्वच्छता के साथ-साथ सीएमओ ने वार्ड में पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान दो स्थानों पर पानी की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज दिखाई दिया,जिससे पानी की बर्बादी हो रही थी। सीएमओ ने जलप्रदाय विभाग के अमले को इसे तत्काल युद्धस्तर पर ठीक करने के कड़े आदेश दिए।

इनका कहना है।

सफाई और व्यवस्थाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।जो लोग शहर को गंदा करेंगे या सरकारी संपत्तियों/नालियों पर अतिक्रमण करेंगे,उनके खिलाफ इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सुरेखा जाटव सीएमओ,इटारसी,

पार्षद की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण।

सीएमओ के इस औचक निरीक्षण के दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद एवं विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने वार्ड की समस्याओं से सीएमओ को अवगत कराया और नगरपालिका की इस तत्परता और सख्त कार्रवाई की सराहना की।

Similar Posts

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)