ताज ख़ान
नर्मदापुरम//
जिला चिकित्सालय की बदहाल सफाई व्यवस्था अब आम जनता और मूक पशुओं की जान पर भारी पड़ने लगी है।विडंबना यह है कि जिस विभाग पर पूरे जिले की सेहत सुधारने का जिम्मा है,उसी के सबसे वरिष्ठ अधिकारी यानी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के कार्यालय की दहलीज पर गंदगी और खतरनाक बायो-मेडिकल वेस्ट का अंबार लगा हुआ है।
प्रसूताओं और टीबी मरीजों की जान जोखिम में।
सीएमएचओ कार्यालय की ओर जाने वाले मुख्य द्वार के ठीक अंदर कदम रखते ही बदइंतजामी का भयावह मंजर नजर आता है।यह वही संवेदनशील मार्ग है,जहां से नवजात शिशुओं और प्रसूताओं को अस्पताल के भीतर शिफ्ट किया जाता है और यहीं पास में टीबी (क्षय रोग) के मरीजों की जांच का विभाग भी संचालित है। ऐसे अति-संवेदनशील क्षेत्र में खून से सनी हुई रूई (कॉटन),इस्तेमाल किए गए खाली इंजेक्शन, सीरिंज और ऑपरेशन थिएटर में उपयोग होने वाले गंदे हैंड ग्लव्स खुले में पड़े हैं।यह कचरा बेहद संक्रामक है,जो किसी भी स्वस्थ व्यक्ति को गंभीर बीमारी की चपेट में ले सकता है।
बायो-मेडिकल वेस्ट पर मुंह मार रहे बेजुबान गोवंश।
सोमवार को अस्पताल परिसर में लापरवाही की पराकाष्ठा देखने को मिली। सीएमएचओ कार्यालय के सामने लगे कचरे के ढेर में बेजुबान गोवंश भोजन की तलाश में मुंह मारते नजर आए। इसी कचरे के बीच अस्पताल का खतरनाक मेडिकल वेस्ट भी बिखरा पड़ा था।यदि मवेशी इस संक्रमित कचरे को निगल लेते हैं,तो न केवल उनकी जान जा सकती है,बल्कि उनके माध्यम से यह संक्रमण इंसानों तक भी पहुंच सकता है।
जिम्मेदारों की चुप्पी और सवालों के घेरे में ‘स्वच्छ भारत’ अभियान ।
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था अपने सबसे निचले स्तर पर नजर आ रही है,लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की आंखें बंद हैं।बड़ा सवाल यह है कि जब आला अधिकारी के दफ्तर के बाहर ही यह हाल है,तो पूरे जिले के अस्पतालों की स्थिति क्या होगी? क्या ‘स्वस्थ भारत-स्वच्छ भारत’ का अभियान महज सरकारी फाइलों और दीवारों पर लिखे नारों तक ही सीमित रह गया है?
नगर पालिका ने अस्पताल प्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार ।
इस गंभीर मामले पर जब नगर पालिका नर्मदापुरम के स्वच्छता प्रभारी अनुराग तिवारी से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल परिसर की आंतरिक सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी खुद अस्पताल प्रबंधन और वहां के स्टाफ की है।नगर पालिका केवल निर्धारित स्थान से सामान्य कचरा उठाती है।उन्होंने बताया कि बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए अस्पताल का अपना अलग प्रबंधन और नियम होते हैं,इसे सामान्य कचरे के साथ नहीं उठाया जा सकता।यदि परिसर में खुले में मेडिकल वेस्ट पड़ा है,तो यह बेहद गंभीर और खतरनाक स्थिति है।








