ताज ख़ान
इटारसी //
शहर के पुराने बस स्टैंड को पुनःशुरू कराने के लिए चल रहा जन आंदोलन अब स्थानीय स्तर से निकलकर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में पहुंच गया है।मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी (गज्जू) की पहल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने आंदोलनकारियों से फोन पर विस्तृत चर्चा कर इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है।
पीसीसी चीफ ने भोपाल बुलाया,मानक अग्रवाल ने दिया साथ का भरोसा।
गजानंद तिवारी द्वारा शहर के व्यापारियों,ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराए जाने के बाद प्रदेश नेतृत्व ने तत्काल हस्तक्षेप किया।फोन पर हुई बातचीत में जीतू पटवारी और प्रदेश समन्वयक मानक अग्रवाल ने अब तक हुए आंदोलनों और प्रशासनिक रवैये की पूरी जानकारी ली। पटवारी ने आंदोलनकारियों को गज्जू तिवारी के साथ मुलाकात के लिए आमंत्रित किया है, ताकि आगामी रणनीति तय की जा सके।वहीं, मानक अग्रवाल ने भी हरसंभव मदद और आंदोलन के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया है।
विधानसभा में गूंजेगा मुद्दा, इटारसी आएंगे विधायक दोगने।
इस आंदोलन को विधायी स्तर पर भी बड़ा समर्थन मिला है।हरदा विधायक आर.के.दोगने ने इस जनहित के मुद्दे को विधानसभा में उठाने की बात कही है।साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया है कि वे स्वयं इटारसी पहुंचकर इस आंदोलन में शामिल होंगे।
नया चालू रहे,पुराना भी बहाल हो: गज्जू तिवारी।
आंदोलन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए गजानंद तिवारी (गज्जू) ने कहा कि उनकी मांग पूरी तरह जनहित पर आधारित है। उन्होंने कहा, “हमारा विरोध नए बस स्टैंड से नहीं है,वह अपनी जगह संचालित रहे,लेकिन ग्रामीणों,बुजुर्गों, महिलाओं,मजदूरों, किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए पुराने बस स्टैंड को भी पुनःचालू किया जाए।यह संघर्ष किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं,बल्कि इटारसी की जनता की तकलीफ दूर करने के लिए है।समाधान होने तक लोकतांत्रिक तरीके से यह लड़ाई जारी रहेगी।अब यह आंदोलन प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेगा और आगामी दिनों में इसे और व्यापक रूप देने की तैयारी है।

