नैनीताल उत्तराखंड : एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने हनुमानजी का आशीर्वाद लेते हुए जनपद नैनीताल की कमान संभाली।

संवाददाता। ललित जोशी नैनीताल।
नैनीताल। सरोवर नगरी जनपद नैनीताल के हल्द्वानी कार्यालय में नव नियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी ने नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जनपद पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला। यहां सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। वहीं, नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

अर्पण यदुवंशी अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी), पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी और सेनानायक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
उत्तरकाशी में करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान का नेतृत्व किया।
इसके बाद करीब दो वर्ष तक उन्होंने एसडीआरएफ के सेनानायक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। उनके नेतृत्व में प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन किया गया। अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान एसडीआरएफ ने 1386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया। उनके कार्यकाल में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी प्राप्त हुआ। इसके अलावा करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया
यदुवंशी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में प्रदेश का पक्ष रखा और सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभव साझा किए। इसके अलावा राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिए हैं।

उनके सेवाकाल में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, एनडीएमए की प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
नवनियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी के अनुभव और नेतृत्व से नैनीताल पुलिस बल जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ तथा जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
