ताज ख़ान
नर्मदापुरम//
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नर्मदापुरम श्रीमती तृप्ति शर्मा की अध्यक्षता में 14 से 20 नवंबर 2026 तक ‘न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह’ का आयोजन किया गया।सप्ताह भर चले इस अभियान के तहत विद्यार्थियों,दिव्यांगजनों, श्रमिकों,जेल बंदियों और आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समापन दिवस पर बाइक रैली और प्रदर्शनी।
अभियान के अंतिम दिन 20 नवंबर 2026 को ए.डी.आर. भवन एवं जिला न्यायालय परिसर, नर्मदापुरम में बाइक रैली व प्रदर्शनी आयोजित की गई।बाइक रैली,प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तृप्ति शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। इसमें जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक चौधरी, विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार,उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष विजय पाण्डे, जिला विधिक सहायता अधिकारी अभय सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालयीन कर्मचारी, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और अधिवक्ता शामिल हुए।रैली के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता,कानूनी अधिकारों और न्याय तक सुलभ पहुंच का संदेश दिया गया।
विभागीय प्रदर्शनी व स्टॉल।
जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के साथ विभिन्न शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और पंपलेट वितरित किए। इनमें जेल विभाग, राजस्व विभाग,जनजाति कार्य विभाग,पशुपालन एवं डेयरी विभाग,जनपद पंचायत (स्व-सहायता समूह),महिला एवं बाल विकास विभाग,वन स्टॉप सेंटर,सामाजिक न्याय विभाग,श्रम विभाग,कृषि विभाग एवं शिक्षा विभाग शामिल रहे।अंत में जिला न्यायाधीश/सचिव दीपक चौधरी ने सहयोगी संस्थाओं व विभागों का आभार जताया।
सप्ताह के प्रमुख कार्यक्रम।
14 नवंबर 2026,
बाल दिवस पर शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ।जिला न्यायाधीश/सचिव दीपक चौधरी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार,शिक्षा का अधिकार,साइबर सुरक्षा, मौलिक कर्तव्य व निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी तथा बाल श्रम,बाल विवाह और बाल शोषण के विरुद्ध जागरूक किया।
15 नवंबर 2026,
जिला न्यायालय परिसर में ‘न्याय के लिए दौड़’ (Run for Justice) मैराथन आयोजित की गई, जिसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पुलिस-प्रशासन,खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग के नशा मुक्ति अभियान नोडल अधिकारी महेश विश्वकर्मा, विद्यार्थियों व नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को टी-शर्ट व टोपी प्रदान की गई।
16 नवंबर 2026,
केन्द्रीय जेल,नर्मदापुरम में बंदियों को विधिक अधिकारों, पुनर्वास प्रक्रियाओं और निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं से अवगत कराया गया तथा विधिक सहायता प्राप्त बंदियों के लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति साझा की गई।
17 नवंबर 2026, शासकीय गृह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर के दौरान प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा व सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार की जानकारी दी गई।
18 नवंबर 2026,
संकल्प बधिर विशेष संस्था में दिव्यांगजनों के लिए जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित कर लोकोमोटर, श्रवण-वाक और दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
19 नवंबर 2026,
मोहासा इंडस्ट्रीज, माखननगर में ग्रामीण क्षेत्रों व श्रमिक बस्तियों के लिए संवादात्मक विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ,जिसमें कानूनी अधिकारों,घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा,संपत्ति के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर चर्चा की गई।

