ताज ख़ान
नर्मदापुरम//
“सेवा,सुरक्षा और तत्परता”नर्मदापुरम पुलिस ने इन शब्दों को एक बार फिर धरातल पर सच साबित कर दिखाया है। सोमवार दोपहर शहर के बंधन बैंक में उस वक्त हड़कंप मच गया,जब कर्ज के दलदल से मुक्त हो चुके एक बेबस उपभोक्ता ने न्याय न मिलने से हताश होकर आत्मदाह का प्रयास किया।लेकिन,मौत और जिंदगी के बीच फासला बनी पुलिस की त्वरित सूझबूझ ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजड़ने से बचा लिया।
क्या है पूरा मामला?
बुदनी की गुरुआ बाबा कॉलोनी के निवासी कमलेश फाटे (उम्र 43 वर्ष),पिता जगन्नाथ फाटे ने बंधन बैंक से होम लोन लिया था।कमलेश ने पाई-पाई जोड़कर अपने लोन की सभी किस्तें समय पर चुका दी थीं।लोन पूरी तरह क्लोज होने के बाद बैंक को उनके घर के मूल दस्तावेज (डॉक्यूमेंट्स) वापस कर देने चाहिए थे।लेकिन,बैंक प्रबंधन की कथित लापरवाही और हीलाहवाली के कारण कमलेश पिछले कई दिनों से बैंक के चक्कर काटने को मजबूर थे।बार-बार मिन्नतें करने के बाद भी जब उन्हें उनके दस्तावेज नहीं मिले,तो मानसिक प्रताड़ना और हताशा से तंग आकर उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त करने जैसा आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया।
पेट्रोल डाल दी आत्मदाह की चेतावनी,बैंक में मचा हड़कंप।
सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे कमलेश बंधन बैंक पहुंचे और अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया।वे खुद को आग लगाने ही वाले थे कि बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। दोपहर को सजग नागरिक मोहित चौधरी ने तुरंत ‘डायल 112’और कोतवाली पुलिस को इस भयानक घटना की सूचना दी।
देवदूत’ बनकर पहुंची FRV 19 की टीम।
सूचना मिलते ही सतरस्ता पॉइंट पर तैनात FRV 19 (डायल 112)की टीम पलक झपकते ही मौके पर रवाना हुई।गाड़ी में ड्यूटी संभाल रहे हेड कांस्टेबल (HC 310)राकेश भिलाला ने बिना एक सेकंड गंवाए मौके पर मोर्चा संभाला।
सूझबूझ से जीता दिल:
हेड कांस्टेबल राकेश भिलाला और उनकी टीम ने मौके की गंभीरता और पीड़ित के गुस्से व हताशा को भांप लिया।पुलिस ने वहां किसी तरह की जल्दबाजी या बल प्रयोग करने के बजाय बेहद संवेदनशीलता दिखाई। टीम ने कमलेश को ढांढस बंधाया, उनकी पूरी पीड़ा सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उन्हें न्याय दिलाएगी। पुलिस की इस आत्मीयता और समझाइश के बाद कमलेश का गुस्सा शांत हुआ और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के इस मानवीय चेहरे की हो रही सराहना।
समय रहते की गई इस कार्रवाई से न केवल एक मासूम नागरिक की जान बची,बल्कि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।थाना कोतवाली और FRV टीम की इस तत्परता की जमकर सराहना हो रही है।
नर्मदापुरम पुलिस का संदेश:
समस्याएं कितनी भी बड़ी हों,आत्मघाती कदम उसका समाधान नहीं हैं। पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा और न्याय के लिए सदैव तत्पर है।

