ताज ख़ान
नर्मदापुरम//
समाज में बेटियों के सम्मान और उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘फाइन वर्क समाज सेवी संस्था’ द्वारा एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की गई। संस्था सचिव हरप्रीत कौर के मार्गदर्शन में संस्था द्वारा ‘कन्या भोजन’ एवं शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया।इस अवसर पर न केवल धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करते हुए कन्या भोज कराया गया,बल्कि बेटियों के उज्ज्वल एवं शिक्षित भविष्य की नींव मजबूत करने का भी संकल्प लिया गया।
कन्या पूजन के साथ शिक्षा की अलख।
कार्यक्रम के दौरान कन्या भोजन के उपरांत सभी छात्राओं व बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से स्टेशनरी किट कॉपी,पेन,पेंसिल,रबर, स्केल,और शार्पनर,भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। संस्था का मानना है कि बेटियों को उपहार में ‘शिक्षा के साधन’ देना ही उनके सशक्तिकरण की सबसे सही दिशा है।
शिक्षा ही बेटियों की सबसे बड़ी ताकत।
संस्था अध्यक्ष जमील खान ने सभी बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाया,उन्होंने कहा,बेटियां हमारे समाज का आधार हैं।यदि एक कन्या शिक्षित होती है,तो पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ियां शिक्षित होती हैं।आज के समय में शिक्षा ही बेटियों के लिए सबसे बड़ा उपहार और उनकी सबसे बड़ी ताकत है।हम सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि हर बेटी को पढ़ने और आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले।
सशक्त बेटियां,समृद्ध समाज।
संस्था सचिव हरप्रीत कौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय केवल एक आयोजन तक सीमित न रहकर बच्चों, विशेषकर बालिकाओं,में पढ़ने-लिखने के प्रति उत्साह जगाना था।उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर जो मुस्कान खिली,उसने इस आयोजन के उद्देश्य को पूरी तरह सार्थक बना दिया।कार्यक्रम के अंत में फाइन वर्क समाज सेवी संस्था के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी तरह शिक्षा,बाल सुरक्षा,और महिला सशक्तिकरण से जुड़े अभियानों को निरंतर चलाने का संकल्प लिया।

