ताज ख़ान
इटारसी//
आदिवासी दिवस के संदर्भ में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा दिए गए बयान के विरोध में शहर में सियासी और सामाजिक पारा चढ़ गया है।शनिवार को युवा कांग्रेस,मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ,मध्यप्रदेश आदिवासी छात्र प्रभाग और आदिवासी कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में पुरानी इटारसी स्थित एसबीआई तिराहा पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया गया।
समाज की अस्मिता पर चोट बर्दाश्त नहीं।
प्रदर्शन के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी निंदा की।वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष,बलिदान और समृद्ध संस्कृति की अस्मिता का प्रतीक है।ऐसे संवेदनशील अवसर पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी से पूरे आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
सड़क से सदन तक संघर्ष की चेतावनी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल,जंगल और जमीन की रक्षा से लेकर देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण तक आदिवासी समाज का ऐतिहासिक योगदान रहा है।भगवान बिरसा मुंडा और टंट्या मामा जैसे वीर शहीदों की इस धरती पर समाज के स्वाभिमान के साथ कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ी जाएगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शामिल।
विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल,जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी (गोल्डी),गोल्डी बेस, मोहम्मद आमिर,अनिमेष मलैया,अमन प्रजापति, वंश,और यश शामिल रहे। वहीं,मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ से आकाश कुशराम,राघवेंद्र उइके, विवेक इवने,साहिल उइके,मध्यप्रदेश आदिवासी छात्र प्रभाग से राजू उइके,सुमित सेलूकर, अर्जुन मरकाम,तथा आदिवासी कांग्रेस से समीर परते,अजय सरयाम,और अमन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

