ऋषिकेश : नगर निगम ऋषिकेश द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन

रिपोर्ट संजय शर्मा
उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार नगर निगम ऋषिकेश द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय में पर्यावरण मित्रों और नगर निगम कार्मिकों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महापौर शम्भू पासवान ने किया। मौके पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों का योगदान अतुलनीय है। वे अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बिना रोजाना शहर की सफाई व्यवस्था संभालते हैं। ऐसे में उनका स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर निगम अपने कार्मिकों की सेहत को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। शिविर के दौरान शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद राणा और उनकी मेडिकल टीम ने पर्यावरण मित्रों, सफाई नायकों तथा अन्य निगम कार्मिकों के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की। चिकित्सकीय टीम ने पर्यावरण मित्रों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और कार्यस्थल पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। डॉक्टरों ने विशेष रूप से सलाह दी कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें।
