ताज ख़ान
नर्मदापुरम//
आम आदमी पार्टी (आप) जिला नर्मदापुरम के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर एक कड़ा ज्ञापन सौंपा।यह ज्ञापन गत 10 सितंबर को नगर पालिका घेराव और पुतला दहन प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद तथा उसके बाद दर्ज की गई FIR की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की मांग को लेकर दिया गया है।
क्या है पूरा विवाद?
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष (OBC) राजेंद्र मालवीय के नेतृत्व में 10 सितंबर को नर्मदापुरम नगर पालिका की विभिन्न मूलभूत समस्याओं,सड़क,नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट,को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।’आप’ नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि कार्यक्रम के दौरान शेख सिकंदर नामक व्यक्ति ने जबरन पहुंचकर पुतले को खींचने और प्रदर्शन में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की थी।इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है।पार्टी का गंभीर आरोप है कि इस घटना के अगले ही दिन यानी 11 सितंबर को थाना कोतवाली नर्मदापुरम में राजेंद्र मालवीय और अन्य कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एकतरफा FIR दर्ज करा दी गई।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें।
घटनाक्रम के सभी वीडियो फुटेज,मौके पर मौजूद पुलिस बल तथा डायल-112 की उपस्थिति के आधार पर निष्पक्ष जांच हो।पार्टी का आरोप है कि नगर पालिका की नाकामियों को उजागर करने और जनता की आवाज उठाने के कारण कार्यकर्ताओं पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है।
किसी भी रसूखदार व्यक्ति के पद या प्रभाव को पुलिसिया जांच की निष्पक्षता के आड़े न आने दिया जाए।
लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनता के बुनियादी अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना उनका संवैधानिक अधिकार है। पार्टी इस तरह की कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाती रहेगी।प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में बिना किसी दबाव के स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता को जनता के सामने लाएगा।
इस मुलाकात के दौरान ‘आप’ के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से:
योगेश साहू(प्रदेश संयुक्त सचिव),आर.एन.गुप्ता (प्रदेश संयुक्त सचिव, OBC),सुरेंद्र लुटारे(प्रदेश संयुक्त सचिव),रूपेश मालवीय(प्रदेश संयुक्त सचिव,OBC),सीताशरण पांडे(पूर्व जिला अध्यक्ष, RTI विंग),एडवोकेट राकेश जराठे,वर्षा जी (जिला अध्यक्ष,महिला विंग),कासिम अली (जिला सचिव),धनिराम गौर, अनिरुद्ध करैया (विधानसभा प्रभारी), अरुण,राहुल मैना, अभिषेक चौधरी (कार्यालय प्रभारी),सहित बड़ी संख्या में जिला इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


