ताज खान
नर्मदापुरम//
स्कूली बच्चों और आंगनवाड़ियों के नौनिहालों को मध्याहन भोजन तथा पोषण आहार परोसने वाले स्व-सहायता समूहों का सब्र अब जवाब दे चुका है।प्रांतीय समूह महासंघ नर्मदापुरम के नेतृत्व में जिलेभर के समूहों ने शासन-प्रशासन की उपेक्षा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आज कलेक्टर,जिला पंचायत सीईओ,महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी और बीआरसी को एक आक्रामक ज्ञापन सौंपा।समूहों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं हुआ,तो वे पूरे प्रदेश में ‘चूल्हा बंद हड़ताल’ कर कामकाज ठप कर देंगे।
9 साल पुरानी दरें और महंगाई की मार,कैसे चलेगा सिस्टम?
समूह महासंघ की जिला अध्यक्ष गौरी और जिला मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया ने प्रशासन को आईना दिखाते हुए बताया कि साल 2017 से तय दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।आज के समय में जब महंगाई आसमान छू रही है,तब शासन द्वारा सिर्फ 3 रुपए में नाश्ता और 5 रुपए में भोजन का बजट दिया जा रहा है।महासंघ ने तीखा सवाल उठाया है कि आज के दौर में 5 रुपए में बाजार में दाल,सब्जी और दो रोटियां तो दूर,एक वक्त की कच्ची सामग्री भी नहीं मिलती। बावजूद इसके समूहों पर उच्च गुणवत्ता का दबाव बनाया जा रहा है,जो सरासर अन्याय है।
भुगतान में देरी से कर्ज के दलदल में डूबे समूह
समूहों की सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि उनके द्वारा लगातार सेवा देने के बावजूद 3 से चार महीने तक भुगतान नहीं किया जाता है।समय पर राशि न मिलने के कारण महिलाएं उधारी और कर्ज के दलदल में धंसती जा रही हैं।महासंघ ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी कई बार शांतिपूर्ण प्रदर्शन,ज्ञापन और हड़तालें की जा चुकी हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
चूल्हा बंद हड़ताल की चेतावनी।
आज के ज्ञापन के जरिए समूहों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब यह आर-पार की लड़ाई होगी। जब तक सरकार दरों में संशोधन और समय पर भुगतान की गारंटी नहीं देती, तब तक प्रदेशभर में स्व-सहायता समूह स्कूलों और आंगनवाड़ियों में भोजन प्रदाय का कार्य पूर्ण रूप से बंद रखेंगे।
ज्ञापन देने में प्रमुख रूप से ये उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नर्मदापुरम और इटारसी से बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं और पदाधिकारी उपस्थित रहीं,जिनमें प्रमुख रूप से गौरी ईस्कर (जिला अध्यक्ष),अमीना बी (जिला उपाध्यक्ष),ललिता दीदी(जिला सचिव),तनीषा नबलानी, जरीना दीदी,चंदा सिमोलिया,सुमन उईके (संभाग प्रभारी),इटारसी से रेखा सोनी,रंजना मेहरा, बानो बेगम,सरिता राठौर, पूनम संघिया सहित सैकड़ों की संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

