संस्कृत ज्ञान परीक्षा में विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
जिला स्तर पर अक्षांश पटेल ने हासिल किया द्वितीय स्थान, तहसील स्तर पर नेहा पटेल रहीं प्रथम
गुजरखेड़ी। ज्ञानेश्वरी विद्या पीठ हाई स्कूल, गुजरखेड़ी के विद्यार्थियों ने संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति आधारित ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। परीक्षा में विद्यालय के छात्र अक्षांश पटेल पिता शिवजी पटेल ने जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्रा नेहा पटेल पिता कैलाश पटेल ने तहसील स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गायत्री परिवार से पधारे मानधाता मासाब एवं पवन जायसवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय संचालक प्रवीण दुबे, प्रदीप दुबे, प्राचार्या श्रीमती जयंती दुबे, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं विद्यार्थियों को संस्कृत, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धि को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं संस्कार आधारित शिक्षा का परिणाम बताया गया। जिला स्तर पर द्वितीय तथा तहसील स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में ज्ञानेश्वरी विद्या पीठ हाई स्कूल परिवार की ओर से गायत्री परिवार से पधारे सभी अतिथियों एवं महानुभावों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि अतिथियों की उपस्थिति एवं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन बच्चों के लिए प्रेरणादायी है। विद्यार्थियों ने भी सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए अतिथियों तथा विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

