ताज ख़ान
इटारसी //
बिजली विभाग की लचर व्यवस्था और मनमानी के खिलाफ किसानों और ग्रामवासियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। बीती रात करीब 12 बजे अघोषित और लचर बिजली आपूर्ति से त्रस्त सैकड़ों किसान सड़कों पर उतर आए और ब्यावर सब-स्टेशन का जोरदार घेराव कर दिया।रात के सन्नाटे में किसानों के इस आक्रामक प्रदर्शन से बिजली विभाग और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।आधी रात को गरजे किसान, विभाग के खिलाफ की नारेबाजी किसानों का कहना है कि एक तो पहले ही क्षेत्र में बिजली की आंख मिचौली से खेती किसानी चौपट हो रही है,ऊपर से रात के वक्त बिजली गुल रहने से खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
किसानों की दो टूक !
मनमानी नहीं होगी बर्दाश्त
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वे अंधेरे में अपनी फसलें बचाने के लिए रात-रात भर जागने को मजबूर हैं,लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं। किसानों ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द ही बिजली संकट का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया,तो वे बड़े पैमाने पर चक्काजाम और तीव्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।खबर लिखे जाने तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी और आक्रोशित किसानों का जमावड़ा सब-स्टेशन के बाहर डटा हुआ था।

