ताज ख़ान
इटारसी//
पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट इटारसी ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए रास्ता भटके एक 80 वर्षीय बुजुर्ग यात्री को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया है।यह सराहनीय कार्रवाई आरपीएफ के ‘ऑपरेशन डिग्निटी’ के तहत की गई।
भ्रमवश इटारसी स्टेशन पर उतर गए थे बुजुर्ग।
जानकारी के अनुसार, 80 वर्षीय मजलूम आलम 16 नवंबर 2026 को गाड़ी संख्या 11060 (छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस) से आजमगढ़ से मुंबई की यात्रा कर रहे थे।अधिक उम्र के कारण उनकी याददाश्त कमजोर है और मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती। इसी कारण वे भ्रमवश इटारसी रेलवे स्टेशन पर उतर गए और अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
सीसीटीवी फुटेज और त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता।
17 नवंबर 2026 को बुजुर्ग के पुत्र वसीम अहमद ने आरपीएफ पोस्ट इटारसी के निरीक्षक मनीष पांडे को फोन कर मामले की जानकारी दी और व्हाट्सएप पर पिता की फोटो साझा की।वहीं दूसरे पुत्र मुमताज अहमद ने ‘रेल मदद’हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही निरीक्षक मनीष पांडे ने तुरंत ड्यूटी स्टाफ को अलर्ट किया।
आरक्षक भूरा सिंह ने स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें बुजुर्ग यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर परेशान हालत में भटकते दिखाई दिए।
देखभाल के बाद परिजनों को सौंपा।
आरपीएफ जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग को सुरक्षित पोस्ट पर लाया।जवानों ने उन्हें ढांढस बंधाया और चाय, पानी व भोजन कराकर उनकी उचित देखभाल की,साथ ही परिजनों को उनके सुरक्षित होने की सूचना दी।सूचना मिलने पर 17 नवंबर को ही बुजुर्ग के भतीजे मोहम्मद हसन इटारसी पहुंचे।आवश्यक कागजी कार्रवाई और पहचान सत्यापन के बाद गवाहों की मौजूदगी में मजलूम आलम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
रेल प्रशासन की अपील।
आरपीएफ की इस तत्परता ने न केवल एक बुजुर्ग को किसी अनहोनी से बचाया,बल्कि ऑपरेशन ‘डिग्निटी’ के उद्देश्यों को भी सार्थक किया है।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान बुजुर्गों,बच्चों और विशेष देखभाल की जरूरत वाले परिजनों का ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।

