ताज ख़ान
नर्मदापुरम
जिले की माखन नगर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम बागड़ा तवा में स्थिति उस समय संवेदनशील हो गई,जब स्थानीय ‘हज़रत ग़ौरी शाह बादशाह दरगाह’ में किसी अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही सर्वधर्म समाज के लोग और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मोर्चा संभाला।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के आला अधिकारी दलबल के साथ बागड़ा तवा दरगाह पहुंचे।वर्तमान में स्थिति को नियंत्रित रखने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए अधिकारी मौके पर मुस्तैद हैं।मौक़े पर संजू चौहान(अनुविभागीय अधिकारी पुलिस – SDOP, सुहागपुर),कंचन ठाकुर (थाना प्रभारी,माखन नगर),तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम।
फॉरेंसिक जांच और FIR दर्ज।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।थाना प्रभारी कंचन ठाकुर ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है।साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया गया है,जो बारीकी से घटनास्थल का मुआयना कर रही है।हर तकनीकी और स्थानीय पहलू की गहनता से जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।
प्रशासन की जनता से अपील:
क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आम जनता धैर्य रखे।किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए,तो तुरंत स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचित कर सहयोग करें। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
सर्वधर्म समाज ने पेश की मिसाल।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे को कायम रखने के लिए सर्वधर्म समाज के लोग आगे आए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




