
इटारसी (नर्मदापुरम)।
इटारसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाजार क्षेत्र से चोरी गए मोबाइल फोन एवं पावर बैंक की बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 3 लाख 15 हजार रुपये कीमत के 9 मोबाइल फोन एवं 3 पावर बैंक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहरवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) इटारसी वीरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना इटारसी पुलिस द्वारा यह सफलता हासिल की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को फरियादी अमर नागवानी पिता श्री शीतलराम नागवानी (उम्र 42 वर्ष), निवासी माता मंदिर अस्पताल के पास, ग्राम कालीबाड़ी इटारसी ने थाना इटारसी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा बाजार क्षेत्र से 9 मोबाइल फोन एवं 3 पावर बैंक चोरी कर लिए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 15 हजार रुपये है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से चोरी गए मोबाइल फोन एवं पावर बैंक बरामद किए। पुलिस ने विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उससे पूछताछ की, जिसमें चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।
बरामद सामग्री में विभिन्न कंपनियों के महंगे मोबाइल फोन शामिल हैं, जिनमें रेडमी, सैमसंग, ओप्पो, आईटेल, टेक्नो और रियलमी ब्रांड के स्मार्टफोन शामिल हैं। इसके अलावा शाओमी और एमआई कंपनी के फास्ट चार्जिंग पावर बैंक भी बरामद किए गए हैं। बरामद सभी सामान की कुल कीमत 3 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा अलग-अलग स्थानों से मोबाइल चोरी किए गए थे। विधि विरुद्ध बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बघेल, उपनिरीक्षक संदीप अजनरेया, प्रधान आरक्षक संदीप सेंद्रे, आरक्षक शाकिर, नरेंद्र राजपूत, आदित्य खान, संदीप दुबे, शिवानंद, चालक राजेश पंवार सहित थाना इटारसी पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
इटारसी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से शहर में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
