ग्राम जमानी के परंपरागत आयोजन में प्रस्तुति देंगे शास्त्रीय नृत्य के प्रसिद्ध कलाकार।

ताज ख़ान
इटारसी//
समीपस्थ ग्राम जमानी में 1960 के दशक में स्थापित श्री गणेशोत्सव कार्यक्रम इस वर्ष भी 17 सितंबर मंगलवार को रात्रि 9:30 बजे से आयोजित किया जा रहा है। आयोजनकर्ता प्रभुदयाल दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस बार भी कार्यक्रम में देश के जाने माने कलाकारों द्वारा शास्त्रीय कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी।इस अवसर पर कत्थक नृत्य कलाकार अमृत मिश्रा,श्रीमती वसुंधरा शर्मा, सुश्री श्रेयना कृष्णा अपनी कत्थक नृत्य एवं संरचनाओं की प्रस्तुति देंगे।संगत पर तबला वादक अनुराग मिश्रा, आनंद मिश्रा,गायक पं. विशाल मिश्रा सागर,बांसुरी वादक डॉ शानिश कु ज्ञावली, सारंगी वादक अंकित मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे।आयोजन समिति के पवन कुमार दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि सन 1960 में स्व पुरुषोत्तम लाल दुबे,स्व रविशंकर दुबे,स्व विजय शंकर दुबे,स्व शंभू दयाल दुबे ने इस कार्यक्रम की स्थापना की थी।जो आज भी अनवरत जारी है।
क्यूं है ख़ास जमानी का गणेश उत्सव।
इस गणेशोत्सव में अभी तक देश भर के अनेकों प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी है,लेकिन पहली वंदना मुस्लिम गायक ने की थी। सन् 1960 में पहली गणेश वंदना मुस्लिम गायक उस्ताद आदिल खां झांसीवाले ने की थी।फिर हैदराबाद के शेख दाऊद के तबले पर विदिशा के गंगाप्रसाद पाठक ने गायन की प्रस्तुति दी थी।सागर के रामजी हर्ष सितार और लखनऊ के गिरधारीलाल सारंगी पर थे।1962 में दिल्ली से नसीर अहमद खां और मुंबई से ताज अहमद खां भी अपनी प्रस्तुति जमानी के गणेशोत्सव में दे चुके हैं।उनके साथ तबला वादक निजामु‌द्दीन खां ने संगत दी थी।तबले के उस्ताद अहमद जान तिरकवा, अल्लारक्खा खां,किसन महाराज,उस्ताद विलायते खां सितार वादक ,प्रसिद्ध नृत्यांगना सितारा देवी, अभिनेता गोविंदा की मां निर्मला देवी शास्त्रीय गायन के लिए कई बार गांव जमानी आ चुके हैं।

Similar Posts

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)