
ताज ख़ान
इटारसी //
केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनता के लिए किए गए कार्यों को घर घर तक पहुंचाने का समय आ गया है- बिहार विधायक विनोद नारायण झा,बिहार के बेनीपट्टी विधानसभा के विधायक व पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा का सोमवार को विधायक प्रवास कार्यक्रम के तहत इटारसी के पुरानी इटारसी मंडल में प्रवास रहा। यहां अभिनंदन मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, बद्धिवजीवि वर्ग सहित अन्य यूनियन के सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार व राज्य में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने जनता के लिए क्या क्या कार्य किया है, यह अब घर घर तक पहुंचाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि बात पहुंचाने में अहंकार नहीं झलके। हम इतने बडे नहीं है कि हम कुछ जनता को दे सकें, हम देने वाले इसलिए बने क्योंकि जनता ने हमें चुना, 2014 में जब जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुना तब हम इस योग्य बने कि देश की जनता के हित में कुछ अच्छा कर पाएं।हमारी डबल इंजन की सरकार तेजी से जनता के हित के लिए काम कर रही है। विधायक झा ने साफ तौर पर कहा कि जो कसर 2018 के विधानसभा चुनाव में मप्र में रही थी, उसे पूरा करना है। मप्र को पूरे देश की भाजपा देख रही है। यहां हमारा सबसे अच्छा कैडर मौजूद है,इसलिए जो गलती पिछली बार यहां हुई थी वह न हो इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने सभी 230 विधानसभाओं में अलग अलग राज्यों से विधायक भेजे हैं जो यहां कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं और जो भी कमी चुनावीरण में जाने के लिए रह गई है,उसे पूरा करने का काम व क्या क्या और कर सकते हैं वह फीडबैक केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।इस कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में मप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, मप्र तैराकी संघ प्रदेश अध्यक्ष पीयूष शर्मा, विधानसभा संयोजक विश्वनाथ सिंघल, कार्यक्रम के विधानसभा संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, सह संयोजक जिला उपाध्यक्ष कल्पेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंडल के प्रभारी आशुतोष सरन तिवारी, जिला मंत्री उमेश पटेल, भाजपा पिछडा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष जयकिशोर चौधरी, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राजू सिकंदर,नगरपालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत,भाजपा मंडल अध्यक्ष पुरानी इटारसी मयंक मेहतो, महामंत्री गोविंद मेहतो सहित अन्य मौजूद थे।
सभी पदाधिकारियों से की अलग अलग चर्चा-
बिहार से आए विधायक विनोद नारायण झा ने मंडल में निवासरत जनसंघ के समय के कार्यकर्ता के घर जाकर उनसे भी मुलाकात की, पदाधिकारियों, पत्रकार, किसान, मोर्चा अध्यक्ष, बुद्धिजीवि वर्ग, ऑटो चालक यूनियन, मोर्चा अध्यक्षों के साथ पदाधिकारियों से, पार्षद, सरपंचों, जनपद सदस्य, से चर्चा की। उन्होंने इटारसी का भौगोलिक क्षेत्र, जाति जनसंख्या, पार्षदों की संख्या सहित अन्य मुददों पर चर्चा की।
मोदी महान है, कार्यकर्ता सब समान है- झा
पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि वे सिर्फ यहां कार्यकर्ताओं से मिलने आए हैं, उनमें ऊर्जा भरने आए हैं। टिकट वितरण का यह कोई सर्वे नहीं है। उन्होंने कहा कि उसके लिए पार्टी अलग से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी 24 घंटे में उन्होंने यहां क्या क्या पाया यह बताना जल्दबाजी होगी। प्रवास के अंत में वह बता जाएंगे यहां क्या अच्छा है और क्या काम करने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश भाजपा में गुटबाजी से संबंधित सवाल पर कहा कि देश में मोदीजी महान है,और कार्यकर्ता सब समान है। यहां कोई छोटा और बडा नहीं है। सभी मिलकर भाजपा को जिताने में लगे हैं और जिन्हें यह भ्रम है कि यहां गुटबाजी है वह उस भ्रम में खुश रहें।
