पवारखेड़ा खुर्द में 19 लाख की लागत से बनेगा सामुदायिक मंगल भवन, विधायक विजयपाल सिंह ने किया भूमि पूजन

पवारखेड़ा खुर्द में 19 लाख की लागत से बनेगा सामुदायिक मंगल भवन, विधायक विजयपाल सिंह ने किया भूमि पूजन

माखन नगर, 13 फरवरी 2026 (शुक्रवार)।

माखन नगर विकासखंड के ग्राम पंचायत पवारखेड़ा खुर्द में ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 19 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक मंगल भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ। एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि सामुदायिक मंगल भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और गांव-गांव तक विकास कार्यों का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसी सुविधाओं का निर्माण सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देता है। सामुदायिक भवन बनने से विवाह, बैठकें, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियां सुचारू रूप से संपन्न हो सकेंगी।

इस अवसर पर एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला पवारखेड़ा खुर्द में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल बैग भी वितरित किए गए। बैग प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सावित्री बाई परनामे, मंडल अध्यक्ष श्री विपिन यादव, सरपंच श्रीमती प्रेम बाई दायमा, श्री बाबूलाल दायमा, श्री लालचंद यादव, श्री फूलचंद यादव सहित पार्षदगण, पार्टी पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की जानकारी दी गई।

Similar Posts

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)