नर्मदापुरम पुलिस लाइन में हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर
पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने की अनूठी पहल

नर्मदापुरम, 12 दिसंबर।
पुलिस विभाग द्वारा अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक रूप से स्वस्थ, सशक्त और तनावमुक्त रखने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस लाइन में हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रही इस पहल के तहत प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को ऐसे सत्र आयोजित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री अभिषेक राजन के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न थानों और रक्षित केंद्रों के कुल 105 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को ध्यान, तनाव-नियंत्रण तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न अभ्यास कराए गए।

प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के नियमित सत्रों से पुलिसकर्मियों में मानसिक ताजगी, सकारात्मक दृष्टिकोण और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। पुलिस विभाग द्वारा आगामी समय में ऐसे आयोजन नियमित रूप से जारी रखने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ मानसिक रूप से भी स्वस्थ रह सकें।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक को अपने-अपने थानों में निरंतर हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम एवं समस्त थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

शिविर के दौरान रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम श्रीमती नेहा चंदेल, थाना प्रभारी यातायात श्रीमती सुनीता पटेल (मास्टर ट्रेनर हार्टफुलनेस), सूबेदार ईशान रिछारिया, सूबेदार सूरज जमरा, सज्जन लक्ष्मण चावरे (मास्टर ट्रेनर हार्टफुलनेस) सहित हार्टफुलनेस विशेषज्ञ श्री अमित गोपालानी एवं श्री विनय पालीवाल उपस्थित रहे।
इस पहल को पुलिस परिवार द्वारा अत्यंत सकारात्मक रूप से लिया जा रहा है और उम्मीद है कि नियमित ध्यान और मेडिटेशन से कर्मचारियों के कार्य प्रदर्शन में और भी सुधार देखने को मिलेगा।
