गुड़ारिया में बोलेरो–टियागो की आमने-सामने टक्कर, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा

माखन नगर। माखन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुड़ारिया में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। ग्राम के समीप बोलेरो और टियागो कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों गाड़ियों में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही माखन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
थाना प्रभारी अनूप कुमार उईके ने बताया कि बोलेरो और टियागो कार के बीच आमने-सामने टक्कर हुई थी। हादसा गंभीर था, किंतु गनीमत रही कि दोनों वाहनों में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे वाहन सवारों की जान बच गई। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
हादसे के कारण दोनों वाहन काफी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही कर वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिससे यातायात सुचारु रूप से चालू हो सका।
स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित निगरानी की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
